लाला
कल्लू और लोकतंत्र [कहानी ]
आओ दोस्तों आपको एक कहानी सुनाता हूँ ......,
सुनाता क्या दिखाता हूँ | हिमालय की घाटी में बसा है गाँव दारपुर | लगभग पच्चास घर
हैं | उसके आस – पास आठ – दस गाँव और हैं | सबकी एक ही पंचायत है दारपुर | दारपुर
में लाला कल्लू का पिछले पैंतीस वर्षों से एकछत्र राज है | हर बार वही पंचायत का
प्रधान बनता है | यदि कई बार सीट रिजर्व भी आये तो , या तो उसके परिवार से कोई
महिला या फिर उसकी घर दुकान में काम करने वाले मजदूर आदि को खड़ा कर दिया
जाता | उसकी गाँव के किनारे सडक के पास एक
बहुत बड़ी दुकान है | सुई से कफन तक सब कुछ
उसकी दुकान पर मिल जाता है | करियाना हो या सब्जी ,मिठाई हो या शराब सब कुछ उसकी
दुकान में उपलब्ध रहता है |
कहते सुना है लाला कल्लू अपने जमाने का आठवीं पास
है, वह भी उसने पंजाब में जाकर पढ़ाई की है | उस जमाने में इन पहाड़ों में सिर्फ
प्राइमरी स्कूल ही हुआ करते थे | गोरा चिट्टा रंग, नाटा कद बड़ी बड़ी सफेद मूंछें सर
पर टोपी सफेद कपड़े पहनकर जब वह गद्दी पर बैठता है तो गद्दी स्वतः ही सज धज उठती है | उसके ठहाकों से आसपास का वातावरण भी ध्वनित हो उठता है | लोग उसके आस पास इस तरह मंडराते रहते जैसे गुड
पे मक्खियाँ | धर्म से लेकर राजनीति , समाजशास्त्र से लेकर मनोविज्ञान तक हर विषय
पर बरसों के अनुभव से वह प्रभावपूर्ण बातें कर लेता है | दिन
में करियाना सब्जी इत्यादि बेचता है और रात
ढलते ही शराबखाना खुल जाता है | लोग भीतर
बनाये कमरों में शराब पीते हैं व गप्पबाजी
करते हैं | एक कमरा उसने स्पेशल जुआ खेलने वालों के लिए बनाया है | वहां बैठकर लोग रात रात भर जुआ खेलते हैं |
लाला का नौकर दीनू उन्हें सारी सुविधाएँ उपलब्ध करवाता है | बदले में बत्ती के पैसे अलग से लेता है | जो
जुआ जीत जाता है उससे भी अलग से पैसे लिए
जातेहैं || इस तरह लोग तो रोज जुआ हारते जीतते हैं , परन्तु लाला कल्लू तो हमेशा
जीतता ही है | रात में उसे हजारों रुपये
की आमदन हो जाती है | यदि कोई जुआरी हार
भी जाता है तो उसे उधार में पैसे ब्याज पर
मिल ही जाते हैं | इस तरह जुआ खेलने वाले
व शराब पीने वाले लोग लाला का गुणगान करते नहीं अघाते | लाला का इन लोगों पर सदा
एहसान रहता है |
उधर ग्रामीण बेचारे लाला कल्लू के उधार के नीचे बरसों से दबे हुए हैं | उधार लिए सौदे का वे कभी रेट पूछने का
साहस नहीं करते हैं | लाला अपनी मर्जी से
सौदे का रेट लगाता है | फलत: उसके कर्ज में गाँव की दूसरी पीढ़ी भी चल पड़ी है | गाँव में कोई भी काम लाला कल्लू की
मर्जी के खिलाफ नहीं हो पाता है | हरेक
काम में कल्लू की भागीदारी रहती है |
अच्छे काम का सेहरा कल्लू प्रधान के सिर बांधा जाता है | गाँव के छोटे-मोटे झगड़े व काम तो वह दुकान पर
ही निपटा देता है | पुलिस भी उसकी पंचायत
की तरफ देखती तक नहीं है | जिसके साथ कल्लू रहता है उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता
है | जब कभी कोई केस पुलिस तक पहुँचता भी है तो कल्लू खुद जाकर रफा-दफा करवा देता
है |बाहर से गाँव में कोई भी
अधिकारी-कर्मचारी आता है तो लाला कल्लू के
ही यहां रुकता है | क्योंकि उसके घर में ही सब वांछित सुविधाएं हैं | बाकी गाँव वालों के पास टूटे-फूटे कमरों में
आखिर कोई क्यों रुके लाला कल्लू के बाजू
बड़े लम्बे हैं | इसलिए उसके सैंकड़ों गुनाहों को हंसकर झेलना लोगों की मजबूरी है | कुछ पढ़े लिखे युवा ये सब देखते हैं | जुए-शराब
के अड्डे उन्हें खलते हैं , पंचायत में आये पैसों के घपले खलते हैं , परन्तु उसे
हाथ डालने की हिम्मत कोई नहीं जुटा पाता है |
लाला
कल्लू ने लोगों की नब्ज पकड़ी हुई है | एक
तरफ वह उन्हें बुराईयों की ओर धकेलता है , कर्ज में दबाता है , उनके हिस्से का
सरकारी पैसा हड़प जाता है | दूसरी ओर उनके
हर सुख-दुख में शामिल भी हो जाता है | उनकी हर समय मदद करने के लिए तैयार रहता है |
लोग उसके इस दयालु व्यवहार के आगे अपने शोषण के सारे दुखड़े भूल जाते हैं | जब चुनाव आता है , वह विपक्ष की जमानतें
तक जब्त करवा कर जीत जाता है |इस बार भी
चुनाव आये तो, इस पंचायत में महिला प्रधान की सीट रिजर्व हो गई थी | लोगों को लग रहा था कि अबकी बार लाला कल्लू
खुद-ब-खुद पंचायत की प्रधानगी छोड़ देंगे | परन्तु उनका यह सोचना व्यर्थ निकला |
लाला कल्लू ने अपनी अनपढ़ पत्नी को प्रधान पद की उम्मीदवार घोषित कर दिया | पढ़े
लिखे युवाओं को ये सब नागवार लगा तो उन्होंने
गाँव की एक पढ़ी लिखी लड़की जो एम.एस.सी. पास करके अभी-अभी गाँव आई थी उसे लाला कल्लू की पत्नी के विरुद्ध खड़ा कर दिया
| मुट्ठी भर पढ़े लिखे लोगों के लिए कल्लू
की अनपढ़ पत्नी और अनपढ़ जनता से टक्कर लेना एक दु:स्वप्न सा था | जैसे-जैसे चुनाव
नजदीक आता गया मुट्ठी भर पढ़े-लिखे युवा अकेले
पड़ते गये | सारा गाँव अर्थात बाकी के गाँव भी कल्लू के साथ खड़े हो गये | रातों को
शराब की पेटियां उड़ने लगी | न जाने कितने ही मुर्गे चुनाव की बलि चढ़ गए | लोगों के
बही खातों से लाला ने सारा बकाया काट कर खाते निल कर दिये | उधर पढ़े-लिखे मुट्ठी
भर युवा घर-घर जाकर कल्लू की सच्चाई बताते रहे | परन्तु कोई भी सुनने को तैयार
नहीं था | अबकी बार भी लाला कल्लू की अनपढ़
पत्नी उस युवा शिक्षित लड़की को सैंकड़ों मतों से हराकर चुनाव जीत गई | ढोल नगाड़ों
की धुनों पर लोग लाला कल्लू के आँगन में नर्तन कर रहे थे | ऐसे लग रहा था जैसे लोकतन्त्र कल्लू के आँगन
में नाच रहा हो | चुनाव का परिणाम आते ही मुट्ठी भर पढ़े-लिखे युवा अपने-अपने घरों में
बत्तियां बुझाकर बिस्तरों में दुबक गए |
मानों हार का मातम मना रहे हों | और मैं अपने कमरे में बैठ कहानी लिख रहा था | अब मेरी यह कहानी खत्म.......|
आपको कहीं यह कहानी सच्ची तो नहीं लगी , बिलकुल काल्पनिक है काल्पनिक ....||
अशोक दर्द
No comments:
Post a Comment