Sunday, February 7, 2016

क्या यह ठीक है

        
जहां लाखों पेट भूख से व्याकुल हों
और तुम रोटी खाओ
अगल बगल में मातम हो और तुम जश्न मनाओ
आँगन आँगन चीत्कारें हों
और तुम नगमे गाओ
चहुँदिशी हो रहा हो रुदन क्रंदन और तुम हँसो हँसाओ
तुम ही कहो क्या यह ठीक है
अगल बगल में आतंक हो और तुम सो जाओ
गलियों में गोलियाँ बरसें और तुम छुप जाओ
बिन छत के यहाँ लाखों हों और तुम महल बनाओ
नन्हें हाथों में छले फूटें और तुम कुछ न कर पाओ
अबलाओं की अस्मत लुटे
और तुम आँख बचाओ
बस्ती बस्ती भेड़ीये घूमें और तुम डर जाओ
तुम ही कहो क्या यह ठीक है .....
विस्तृत फैली हो निर्वस्त्रता और तुम नये नये
परिधान सिलाओ
शोषण अन्याय की चक्की चले और तुम मुंह बिचकाओ
सत्ता ,सौहार्द को बाँट दे और तुम बंट जाओ
कुरसी नई नई चाल चले और तुम बिक जाओ
तुम ही कहो
क्या यह ठीक है ....||

                          अशोक ‘दर्द’

No comments:

Post a Comment